Upcoming Movies: 6 फिल्में, 2 महीने… और कयामत का इंतजार! बॉक्स ऑफिस पर मचेगा हाहाकार?

मुंबई। साल 2024 बॉलीवुड के लिए उथल-पुथल और सरप्राइजेज से भरपूर रहा। बड़े-बड़े सितारों की बड़ी-बड़ी फिल्में ढेर हो गईं तो मझले बजट की कम चकाचौंध वाली फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्ड कायम किये।

बड़े मियां छोटे मियां, मैदान, औरों में कहां दम था, सरफिरा, खेल खेल में जैसी फिल्में फ्लॉप रहीं, जिनसे बड़े कलेक्शंस की उम्मीदें थीं। वहीं, स्त्री 2 इस साल की सबसे बड़ी कामयाबी बनकर उभरी, जिसने 600 करोड़ क्लब में एंट्री ली।

अक्टूबर का महीना भी बॉक्स ऑफिस के लिहाज से कमजोर साबित हुआ। इस महीने की दो चर्चित रिलीज जिगरा और विक्की विद्या का वो वाला वीडियो बड़ा स्कोर करने में असफल रही हैं।

ऐसे में अब ट्रेड की नजरें नवम्बर और दिसम्बर पर टिकी हैं। इन दो महीनों में कुछ ऐसी फिल्में आ रही हैं, जो बॉक्स ऑफिस की कायापलट कर सकती हैं।

भूल भुलैया 3, कंगुवा से लेकर पुष्पा 2 तक: ऐसी फ़िल्मों पर नज़र डालिए जो साल का अंत धमाकेदार तरीके से करेंगी!

सिंघम अगेन

सिंघम फ्रेंचाइजी की तीसरी फिल्म सिंघम अगेन दिवाली के एक दिन बाद गोवर्धन की छुट्टी में एक नवम्बर को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है। सितारों से सजी रोहित शेट्टी की इस फिल्म के पीछे सिंघम फ्रेंचाइजी की विरासत है।

फिल्म में अजय देवगन, टाइगर श्रॉफ दीपिका पादुकोण, करीना कपूर खान और अर्जुन कपूर मुख्य भूमिकाओं में हैं, जबकि अक्षय कुमार और रणवीर सिंह स्पेशल एपीयरेंस में नजर आएंगे। इस फिल्म से काफी उम्मीदें हैं।

भूल भुलैया 3

सिंघम अगेन के साथ पहली नवम्बर को भूल भुलैया 3 सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इस हॉरर कॉमेडी फिल्म में कार्तिक आर्यन, तृप्ति डिमरी, विद्या बालन और माधुरी दीक्षित स्टार कास्ट में शामिल हैं।

सफल फ्रेंचाइजी होने के कारण अनीस बज्मी निर्देशित भूल भुलैया 3 बॉक्स ऑफिस पर बड़ा खेल कर सकती है।

यह भी पढ़ें: Bhool Bhulaiyaa 3 Title Track: पिटबुल के साथ ‘हरे राम हरे कृष्ण’ को मिला इंटरनेशनल टच

कंगुवा

कंगुवा पैन-इंडिया रिलीज हो रही तमिल फिल्म है। भूल भुलैया 3 और सिंघम अगेन के दो हफ्ते बाद 14 नवम्बर को फिल्म सिनेमाघरों में आएगी।

इस फिल्म के इंतजार की वजह सूर्या के साथ बॉबी देओल हैं, जो फिल्म में खलनायक हैं। कंगुवा एक्शन एडवेंचर फिल्म है, जो एक काल्पनिक कबीले की कहानी है। फिल्म के ट्रेलर और लुक के बाद इससे उम्मीदें की जा रही हैं।

यह भी पढ़ें: The Sabarmati Report: अब 22 साल पुराने सच के लिए लड़ते नजर आएंगे Vikrant Messy, इस दिन रिलीज होगी ‘द साबरमती रिपोर्ट’

छावा

दिसम्बर की शुरुआत छावा के साथ होगी, जो 6 दिसम्बर को सिनेमाघरों में आएगी। विक्की कौशल अभिनीत यह फिल्म इतिहास की कहानी से प्रेरित है।

फिल्म के टीजर को अच्छा रिस्पॉन्स मिला था। यह माउथ पब्लिसिटी वाली फिल्म है। अगर दर्शकों को पसंद आ गई तो लम्बी दूरी तक जा सकती है।

पुष्पा 2: द रूल

यह साल 2024 की बहुप्रतीक्षित फिल्म है। अल्लू अर्जुन स्टारर एक्शन ड्रामा का पहला भाग पुष्पा- द राइज हिंदी बेल्ट में भी सफल रहा था। ऐसे में इस कहानी को आगे देखने का दर्शकों को इंतजार है। फिल्म छावा के साथ 6 दिसम्बर को रिलीज हो रही है।

बेबी जॉन

साल का अंत वरुण धवन की एक्शन फिल्म बेबी जॉन के साथ होगा, जिसे जवान के निर्देशक एटली ने प्रोड्यूस किया है, जबकि कलीस इसके निर्देशक हैं। जैकी श्रॉफ फिल्म में खलनायक की भूमिका में हैं।

यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा सकती है। कीर्ति सुरेश, वामिका गब्बी भी अहम भूमिका में हैं। फिल्म क्रिसमस पर 25 दिसम्बर को रिलीज हो रही है।

इन फिल्मों के अलावा क्रिसमस पर आ रही हॉलीवुड की मुफासा- द लायन किंग दिसम्बर की बहुप्रतीक्षित फिल्मों में शामिल है। यह फिल्म भी बड़ी तादाद में दर्शक जुटा सकती है।

इसके हिंदी वर्जन को शाह रुख खान के साथ उनके बेटों आर्यन खान और अबराम ने आवाज दी है। अबराम का ये डेब्यू है।