Baba Siddique ने मिटाईं Shah Rukh-Salman की दूरियां, बॉलीवुड में मशहूर थी इफ्तार पार्टी

मुंबई। एनसीपी नेता और बांद्रा वेस्ट से पूर्व विधायक बाबा सिद्दीकी की मुंबई शनिवार को गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस मामले में दो संदिग्धों को गिरफ्तार भी किया गया है।

बाबा सिद्दीकी मुंबई के लोकप्रिय नेताओं में शामिल थे। उनकी हत्या से राजनीतिक जगत के साथ बॉलीवुड में भी शोक छा गया है।

बांद्रा विधानसभा क्षेत्र से विधायक होने की वजह से बॉलीवुड में उनका खूब उठना-बैठना था। हर साल ईद पर वो इफ्तार पार्टी का आयोजन करते थे, जिसमें बॉलीवुड सितारे शामिल होते थे।

ऐसी ही एक इफ्तार पार्टी में उन्होंने शाह रुख और सलमान खान के बीच झगड़ा खत्म करवाया था। इसके बाद से ही दोनों सुपरस्टार एक बार फिर दोस्ती के बंधन में बंध गये।

यह भी पढ़ें: Bigg Boss 18: थीम से लेकर घर और कंटेस्टेंट्स तक, जानिए सलमान खान के शो की हर डिटेल

क्यों हुई थी शाह रुख-सलमान की लड़ाई?

शाह रुख और सलमान, बॉलीवुड के सबसे बड़े सुपरस्टार होने के साथ अच्छे दोस्त भी थे। दोनों ने करण अर्जुन में साथ काम किया था। मगर, एक वक्त ऐसा आया कि पक्के दोस्त दुश्मन बन गये।

बात 2008 की है। कटरीना कैफ की बर्थडे पार्टी में किसी बात को लेकर दोनों के बीच तकरार हो गई। तीखे शब्दों के आदान-प्रदान के साथ नौबत हाथापाई तक पहुंच गई थी।

रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि बात इतनी बढ़ गई थी, शाह रुख की पत्नी गौरी ने बीचबचाव किया था। यह झगड़ा उस वक्त मीडिया में कई दिनों तक सुर्खियां बना रहा।

इसके बाद शाह रुख और सलमान की दोस्ती में दरार आ गई। यहां तक कि दोनों एक-दूसरे का नाम लेना तक पसंद नहीं करते थे।

यह भी पढ़ें: तीन दिन बाद अस्पताल से डिस्चार्ज हुए Govinda, पैपराजी के साथ बोले- जय माता दी!

बाबा ने कैसे करवाई दोस्ती?

2013 में बाबा सिद्दीकी ने इफ्तार पार्टी दी, जिसमें शाह रुख और सलमान, दोनों को आमंत्रित किया। पार्टी में शाह रुख को सलमान के पिता सलीम खान के पास वाली सीट पर बैठाया गया था।

सलीम और शाह रुख बातों में मशगूल थे। तभी सलमान वहां पहुंचे। दोनों सितारों ने एक-दूसरे का अभिवादन किया और गले मिलकर गिले-शिकवे दूर किये।

इसके बाद बाबा सिद्दीकी दोनों को फोटोग्राफर्स के सामने लेकर आये और फोटो खींचने के लिए कहा। शाह रुख- सलमान का ईद मिलन कई दिनों तक मीडिया में छाया रहा था।

तब से दोनों सितारों के बीच मधुर संबंध हैं। एक-दूसरे से मिलते-जुलते हैं। हंसी-मजाक करते हैं। एक-दूसरे की फिल्मों में कैमियो करते हैं।