अलविदा रतन टाटा: अधूरी रह गई धर्मेंद्र की हसरत, अमिताभ-रजनीकांत ने दी श्रद्धांजलि

मुंबई। 88 साल के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र खुद से दो साल छोटे व्यक्ति के जाने का गम मनाते हुए अगर लिखें- ‘सर, आप हमेशा प्यार और सम्मान के साथ याद किये जाएंगे’, तो समझिए उस व्यक्ति का कद क्या होगा।

देश के सबसे बड़े उद्योगपतियों में से एक रतन एन टाटा को श्रद्धांजलि देते हुए धर्मेंद्र के यह शब्द उनकी शख्सियत के असर को बताने के लिए काफी हैं।

रतन टाटा का कद दुनिया के तमाम देशों में फैले उनके कारोबारी साम्राज्य से नहीं, बल्कि उनके खूबसूरत व्यक्तित्व से नापा जा रहा है, जिसका मुकाबला शायद ही कोई दूसरा अरबपति बिजनेसमैन कर पाये।

रतन टाटा को याद करके श्रद्धांजलि देने वाले हर ट्वीट में उनकी सादगी, विनम्रता, दूरदर्शिता और परोपकारी स्वभाव की बात हो रही है।

यही वजह है कि रतन टाटा के जाने का गम हर दिल में है। हर नम आंख में उनका सौम्य चेहरा है।

रतन टाटा की बेदाग शख्सियत ने कई पीढ़ियों को अपना फैन बनाया। ग्लैमर की चकाचौंध में डूबी रहने वाली फिल्म इंडस्ट्री भी उनके जाने का गम मना रही है। उन्हें नमन कर रही है।

बॉलीवुड, साउथ, बंगाली समेत कई फिल्म इंडस्ट्री के कलाकारों ने रतन टाटा को भावभनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

अमिताभ बच्चन

रतन टाटा का निधन बुधवार देर शाम को हुआ था। अमिताभ बच्चन ने बुधवार रात को ही अपनी पोस्ट में लिखा- देर तक काम कर रहा था। अभी लौटा तो श्री रतन टाटा के गुजरने की खबर सुनी। एक युग का अंत हो गया। सबसे ज्यादा सम्मानित, विनम्र और दूरदर्शी लीडर। उनके साथ कुछ कैम्पेंस में वक्त गुजारने का मौका मिला। मेरी प्रार्थना।

धर्मेंद्र

धर्मेंद्र इन दिनों विदेशी दौरे पर हैं। उन्होंने रतन टाटा की एक तस्वीर साझा करते हुए लिखा- रतन टाटा साहब, हसरत ही रह गई आपसे मिलने की। एक विनम्र बादशाह, जिसने अपने कर्मचारियों को अपने बच्चों की तरह समझा। सर, आप हमेशा बेतहाशा प्यार और सम्मान के साथ याद किये जाएंगे।

सलमान खान

सलमान खान ने अपनी पोस्ट में लिखा कि मिस्टर रतन टाटा के गुजरने से वो बेहद दुखी हैं।

ऋतिक रोशन

ऋतिक रोशन ने श्रद्धांजलि देते हुए रतन टाटा की खूबियों के बारे में लिखा। उन्होंने अपनी लगन और दूरदर्शी लीडरशिप से पूरा साम्राज्य खड़ा किया और इस देश के कारोबारी नक्शे को पूरी तरह बद दिया। ऋतिक ने उनकी समाजसेवी स्वभाव और विनम्रता को रेखांकित किया।

सचिन पिलगांवकर

मराठी और हिंदी सिनेमा के जाने-माने एक्टर सचिन पिलगांवकर ने रतन टाटा के अमूल्य योगदान को याद करते हुए उनके निधन को अपूरणीय क्षति बताया।

रजनीकांत

तमिल फिल्म इंडस्ट्री के प्रमुख चेहरे रजनीकांत ने उन्हें महान और दिग्गज आइकॉन बताया, जिसने भारत को ग्लोबल मैप में जगह दिलवाई। एक ऐसी शख्सियत, जिसने हजारों कारोबारियों को प्रेरित किया। ऐसा व्यक्ति, जिसने कई पीढ़ियों के लिए रोजगार पैदा किये। वो व्यक्ति, जिसे हर किसी ने प्यार किया और सम्मान दिया।

कमल हासन

कमल हासन ने रतन टाटा को अपना निजी नायक बताया, जिसे उन्होंने अपने जीवन में उतारने की कोशिश की। एक राष्ट्रीय खजाना, जिनका राष्ट्र निर्माण में योगदान आधुनिक भारत की कहानी की धुरी है।

उनकी असली दौलत भौतिक चीजों में नहीं, बल्कि नैतिकता, ईमानदारी, विनम्रता और देशभक्ति में थी। कमल लिखते हैं कि 2008 के मुंबई हमलों के बाद मैं उनसे ताज होटल में मिला था। राष्ट्रीय संकट के समय वो अडिग खड़े रहे थे।

चिरंजीवी

तेलुगु स्टार चिरंजीवी ने लिखा कि एक भी भारतीय ऐसा नहीं है, जिसके जीवन में उनकी सेवाओं का असर ना दिखा हो। यह सभी भारतीयों के लिए दुख का दिन है।

मोहनलाल

मलयालम फिल्म इंडस्ट्री के दिग्गज अभिनेता मोहनलाल ने लिखा कि श्री रतन टाटा का जाना हम सभी के लिए निजी क्षति है। उनकी सफलता का पैमाना सिर्फ वो इंडस्ट्रीज नहीं हैं, जो उन्होंने खड़ी कीं, बल्कि दया और ईमानदारी हैं, जिनके साथ वो जिये।

ऋषभ शेट्टी

हाल ही में नेशनल अवॉर्ड जीतने वाले कन्नड़ अभिनेता ऋषभ शेट्टी ने लिखा- टाइटन के लिए घड़ी भी रुक गई है। भारत के गर्व, ईमानदारी के प्रतीक, विजनरी लीडर और समाजसेवी। भारतीय अर्थव्यवस्था और समाज के उत्थान के लिए उनकी विरासत पीढ़ियों को प्रेरित करेगी।

सिमी ग्रेवाल

वेटरन एक्ट्रेस सिमी ग्रेवाल ने अपने पुराने दोस्त को याद करते हुए लिखा- सब कह रहे हैं, आप चल गये। आपके जाने का नुकसान बर्दाश्त करना बेहद कठिन है। अलविदा मेरे दोस्त।

मिमी चक्रवर्ती

बंगाली अभिनेत्री मिमी चक्रवर्ती ने लिखा कि अपनी आखिरी पोस्ट में आपने लिखा था, आप ठीक हैं, लेकिन आप तो चले गये। इस देश ने एक रत्न खो दिया।

आज मैं अपने आदर्श और प्रेरणा के चले जाने का गम मना रही हूं। दिग्गज कभी नहीं मरते। आपकी दूरदर्शिता हमेशा रहेगी, सर।

प्रोसेनजीत चटर्जी

प्रोसेनजीत चटर्जी ने रतन टाटा के निधन को एक युग का अंत बताया। ऐसी शख्सियत, जो सादगी, उत्कृष्टता को जाहिर करती है और सच्ची प्रेरणा है। भारत ने रत्न खो दिया।

राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार

गुरुवार शाम रतन टाटा को मुंबई में पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। उनके अंतिम संस्कार में कई गणमान्य व्यक्तिय, बिजनेसमैन और सितारे शामिल हुए।

उन्हें 7 अक्टूबर को ब्रीच कैंडी अस्पताल में उम्र संबंधी समस्याओं के चलते भर्ती करवाया गया था, जहां 9 अक्टूबर को देर शाम अंतिम सांस ली।