Bigg Boss 18: थीम से लेकर घर और कंटेस्टेंट्स तक, जानिए सलमान खान के शो की हर डिटेल

मुंबई। छोटे पर्दे के सबसे लोकप्रिय शोज में से एक बिग बॉस इस साल दो दशक का सफर पूरा कर रहा है। बीस सालों में शो का यह 18 वां सीजन है। एक पूरी पीढ़ी इस शो के साथ जवान हुई है।

इस शो में कंटेस्टेंट्स के कई रंग देखने को मिलते हैं। पर्दे के कलाकार शो में अपना असली रूप दिखाते हैं, जो उनके चाहने वालों के लिए भी चौंकाने वाला होता है।

कभी प्यार, कभी तकरार… शो जीतने के लिए कंटेस्टेंट्स के बीच लड़ाई-झगड़े और साजिशों के जाल बिग बॉस के दर्शकों का मनोरंजन करते हैं। हालांकि, कई बार घर के अंदर की लड़ाई बाहर भी पहुंची है और बाहर की लड़ाई घर के अंदर।

सलमान खान और बिग बॉस एक-दूसरे के पर्याय बन चुके हैं। चौथे सीजन से सलमान इस शो से जुड़े थे। अब 18वें सीजन का पर्दा उठने में कुछ घंटे बाकी हैं। ऐसे में आपको बताते हैं कि बिग बॉस 18 कब और कहां देख सकते हैं, कौन-कौन कंटेस्टेंट्स हैं और इस बार घर में क्या खास होने वाला है।

यह भी पढ़ें: Karan Veer Mehra ने जीता KKK 14, ट्रॉफी से एक कदम पीछे रह गईं टाइगर श्रॉफ की बहन कृष्णा

कब और कहां देखें?

बिग बॉस 18 का भव्य प्रीमियर कलर्स टीवी पर रविवार (6 अक्टूबर) को रात 9 बजे किया जाएगा। प्रीमियर में सलमान खान कंटेस्टेंट्स से परिचय करवाएंगे और उन्हें घर के अंदर भेजेंगे। जिओ सिनेमा पर शो की लाइव स्ट्रीमिंग होगी, जहां 24 घंटे घर के अंदर चल रही गतिविधियों को देखा जा सकेगा।

कितने कंटेस्टेंट्स और क्या हैं नाम?

इस बार शो 20 कंटेस्टेंट्स के साथ शुरू होगा, जिनमें फिल्म और टीवी अभिनेताओं के अलावा राजनीति, कानून और सोशल मीडिया से जुड़े लोग शामिल होंगे। इनमें कुछ कंटेस्टेंट्स के नाम पक्के हो चुके हैं। कलर्स टीवी ने इनके प्रोमो जारी कर दिये हैं। वहीं, कुछ की सूचना पुष्ट सूत्रों के माध्यम से आई है। पूरी लिस्ट नीचे देख सकते हैं-

1. चुम दरांग- एक्ट्रेस- गंगूबाई काठियावाड़ी
2. मुस्कान बामने- एक्ट्रेस- अनुपमा
3.तेजिंदर पाल सिंह बग्गा- बीजेपी नेता
4. अतुल किशन- सोशल एक्टिविस्ट
5. विवियन डिसेना- एक्टर- कलर्स के शो
6. ईशा सिंह- एक्ट्रेस- इश्क का रंग सफेद
7. करणवीर मेहरा- एक्टर- खतरों के खिलाड़ी 14 विनर
8. शहजादा धामी- एक्टर- यह रिश्ता क्या कहलाता है
9. रजत दलाल- सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर
10. अविनाश मिश्रा- एक्टर- इश्कबाज
11. सारा अरफीन खान- एक्ट्रेस- जमाई राजा
12. अरफीन खान- ऋतिक रोशन की लाइफ कोच
13. एलिस कौशिक- एक्ट्रेस- पांड्या स्टोर
14. चाहत पांडे- एक्ट्रेस- हमारी बहू सिल्क
15. शिल्पा शिरोडकर- बॉलीवुड एक्ट्रेस- गोपी किशन, किशन कन्हैया
16. नायरा बनर्जी- एक्ट्रेस- रक्षा बंधन
17. गुणरत्न सदावर्ते- एडवोकेट
18. हेमा शर्मा- सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर- वायरल भाभी
19. श्रुतिका अर्जुन राज- सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर
20. निया शर्मा- एक्ट्रेस- नागिन

इस बार क्या है शो की थीम?

बिग बॉस के 18वें सीजन की थीम टाइम का तांडव है। इसमें बिग बॉस कंटेस्टेंट्स के भविष्य का पता लगाएंगे। उनका गेम कैसा होने वाला है, उनकी क्या प्लानिंग होगी। इस आधार पर ही टास्क तैयार किये जाएंगे।

क्या है बिग बॉस के घर की थीम?

बिग बॉस के घर को आर्ट डिजाइनर और फिल्ममेकर उमंग कुमार डिजाइन करते हैं। इस बार घर की प्रेरणा केव होटल बने हैं। उमंग कुमार ने ई-टाइम्स को दिये इंटरव्यू में बताया कि उन्होंने दुनियाभर के केव होटलों से प्रेरणा ली है, जहां वो रुकते थे, मगर इस सेट की प्रेरणा भारतीय शिल्प है।