Border 2: फौजी वर्दी पहन Sunny Deol के साथ बॉर्डर पर दिखेंगे Ahan Shetty, भावुक हुए पापा सुनील शेट्टी

मुंबई। सनी देओल स्टारर बॉर्डर 2 में अब अहान शेट्टी की एंट्री हुई है। गुरुवार को सनी ने सोशल मीडिया के जरिए अहान का स्वागत किया। बॉर्डर 2 में अहान के शामिल होने पर पापा सुनील शेट्टी भावुक हो गये और उन्हें अपने दिन याद आ गये।

सनी ने जो वीडियो शेयर किया है, उसमें सुनील शेट्टी के किरदार की झलकियां दिखाई गई हैं। अहान की आवाज आती है- ना दीवार, ना खाई और क्या है ये बॉर्डर। बस एक फौजी और उसके भाई। सनी ने वीडियो के साथ लिखा- बॉर्डर 2 की बटालियन में स्वागत है फौजी, अहान शेट्टी। सनी की इस पोस्ट पर सुनील शेट्टी ने लिखा- फैंटम। वहीं, बॉबी देओल ने तालियों की इमोजी बनाकर प्रतिक्रिया दी।

इस पोस्ट पर अहान ने लिखा- आपके साथ खड़ा होना सम्मान की बात है, सनी सर।

यह भी पढ़ें: Bobby Deol IIFA Awards 2024: छोटे भाई को मिला अवॉर्ड तो गदगद Sunny Deol बोले- माई ब्रदर बॉब… द लॉर्ड

सुनील शेट्टी ने याद किये अपने दिन

बॉर्डर 2 में अहान के शामिल होना सुनील शेट्टी के लिए खास पल है, क्योंकि वो खुद बॉर्डर की स्टार कास्ट का हिस्सा थे और भैरों सिंह का यादगार किरदार निभाया था।

सुनील के संवाद आज भी जहन में ताजा हैं। सुनील ने वीडियो को शेयर करते हुए लिखा- तुम्हें बॉर्डर की दुनिया में कदम रखते देखना मेरे लिए गर्व का पल है। मैंने जो सफर कई सालों पहले शुरू किया था, आज उसे मंजिल मिल गई। मुझे पता है कि तुम इस किरदार के लिए अपना सब कुछ न्योछावर कर दोगे। यह बेहद खास है, क्योंकि दिल की बात है।

सुनील शेट्टी की पोस्ट पर एशा देओल, सोनू सूद, अर्चना पूरन सिंह ने रिएक्ट किया है।

वरुण, दिलजीत के बाद अहान

अहान से पहले फिल्म में वरुण धवन और दिलजीत दोसांझ की एंट्री हो चुकी है। वरुण वाला किरदार पहले आयुष्मान खुराना करने वाले थे, मगर सनी के साथ स्क्रीन स्पेस शेयर करने की हिम्मत नहीं जुटा सके और फिल्म छोड़ दी।

बॉर्डर 2 का निर्माण जेपी दत्ता, निधि दत्ता और भूषण कुमार कर रहे हैं, जबकि निर्देशन अनुराग सिंह का है। फिल्म 23 जनवरी 2026 में रिलीज होगी।

1997 में रिलीज हुई बॉर्डर भारतीय सिनेमा की आइकॉनिक वॉर फिल्म मानी जाती है, जिसकी कहानी 1971 के भारत-पाक युद्ध से ली गई थी। सनी ने मेजर कुलदीप सिंह चांदपुरी का किरदार निभाया था। उनके साथ सुनील शेट्टी, जैकी श्रॉफ, अक्षय खन्ना, पुनीत इस्सर, कुलभूषण खरबंदा, तब्बू, पूजा भट्ट और सुदेश बेरी भी अहम किरदारों में नजर आये थे।