Govinda Health Update: ‘आप लोग पैनिक मत होइए’, पत्नी सुनीता ने दिया एक्टर का हेल्थ अपडेट

मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता गोविंदा के साथ मंगलवार को चौंकाने वाला हादसा हुआ। घर पर लाइसेंसी रिवॉल्वर से गोली चलने की वजह से गोविंदा का पैर जख्मी हो गया। मुंबई के एक निजी अस्पताल में उनकी सर्जरी हुई और गोली निकाल दी गई। गोविंदा की हालत में सुधार है।

आज नॉर्मल वार्ड में होंगे शिफ्ट

अभिनेता जुहू के क्रिटिकेयर अस्पताल में भर्ती हैं। बुधवार को पत्नी सुनीता आहूजा ने वहां मौजूद मीडिया को एक्टर का हेल्थ अपडेट दिया। सुनीता ने बताया कि उनकी तबीयत अभी ठीक है। आज नॉर्मल वॉर्ड में शिफ्ट कर दिया जाएगा। कल से बहुत बेहतर हैं। परसों डिस्चार्ज भी कर देंगे। हर जगह उनके लिए पूजा-पाठ चल रहा है। आप सबके और फैंस के आशीर्वाद से वो ठीक हो गये हैं।

सुनीता ने आगे कहा कि मैं फैंस से बोलना चाहूंगी, आप लोग पैनिक मत होइए। सर, बिल्कुल ठीक हैं। कुछ महीनों बाद फिर से डांस-वांस करने लगेंगे। एनडीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक, घटना के समय सुनीता कोलकाता में थीं।

यह भी पढ़ें: Govinda के भांजे कृष्णा अभिषेक ने दिया हेल्थ अपडेट, भाई कीर्ति कुमार ने बताया- कब होंगे डिस्चार्ज?


भूल से चल गई गोली

मंगलवार सुबह जब यह खबर आई कि गोविंदा को गोली लग गई है तो हर कोई सकते में आ गया था। गोविंदा के मैनेजर ने मीडिया को बताया था कि रिवॉल्वर साफ करके अलमारी में रखते वक्त हाथ से छूटकर गिर गया और गोली चल गई, जो उनके पैर में लगी। गोविंदा ने तत्काल अपनी पत्नी सुनीता और मैनेजर को फोन किया।

गोविंदा एक शो के लिए कोलकाता जाने वाले थे। मैनेजर पहले ही एयरपोर्ट पहुंच चुके थे, मगर गोविंदा का फोन आने के बाद फौरन उनके घर पहुंचे और अस्पताल लेकर गये।

यह भी पढ़ें: Govinda Bullet Injury: गोली लगने से जख्मी हुए गोविंदा, हालत स्थिर, मैनेजर ने बताया- कैसे हुआ हादसा?

गोविंदा को लगे 8-10 टांके

डॉक्टरों ने सफलतापूर्वक गोली निकाल दी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, चीची को 8-10 टांके लगे हैं। गोविंदा ने सर्जरी के बाद अपना एक ऑडियो भी रिलीज किया था, जिसमें उन्होंने फैंस और डॉक्टर अग्रवाल का शुक्रिया अदा किया।

बेटी टीना आहूजा बाद में अस्पताल पहुंची थी। भांजे कृष्णा अभिषेक की पत्नी कश्मीरा शाह ने भी चीची से अस्पताल में मुलाकात की थी। गोविंदा के भाई कीर्ति कुमार, वेटरन एक्टर शत्रुघ्न सिन्हा और निर्देशक डेविड धवन ने भी अस्पताल पहुंचकर अभिनेता का हालचाल जाना।

शत्रुघ्न सिन्हा ने मीडिया से कहा था कि यह कहने में कोई किंतु-परंतु नहीं है, यह एक हादसा है।