एक में फिल्म में ‘चाचा’ तो दूसरी में ‘भतीजी’ के साथ दिखेंगे Salman Khan, क्या आपको पता हैं मूवीज के नाम?

मुंबई। सलमान खान की पिछली कुछ फिल्में भले ही बॉक्स ऑफिस पर धमाल ना मचा सकी हों, मगर उनका चार्म कम नहीं हुआ है। कहीं वो कैमियो कर रहे हैं तो कहीं किसी स्टार किड को अपनी फिल्म के जरिए आगे बढ़ा रहे हैं। ऐसा ही संयोग बना है उनकी आने वाली फिल्म सिकंदर के साथ।

सिकंदर में वरुण धवन की भतीजी अंजनी की एंट्री

इस फिल्म का निर्देशन एआर मुरुगदौस कर रहे हैं, जिन्होंने आमिर खान के साथ गजनी बनाकर हिंदी सिनेमा को पहली 100 करोड़ की फिल्म दी थी। सिकंदर अपने स्केल के साथ कलाकारों के लिए भी खूब चर्चा में है। इस फिल्म में सलमान के साथ सुनील शेट्टी, रश्मिका मंदाना, कटप्पा फेम सत्यराज जैसे कलाकार स्क्रीन स्पेस शेयर करेंगे।

अब सिकंदर में एक नवोदित अदाकारा की भी एंट्री हुई है। यह हैं अंजनी धवन, जो वरुण धवन की भतीजी हैं और हाल ही में रिलीज हुई फिल्म बिन्नी एंड फैमिली से बॉलीवुड डेब्यू किया है। तमाम प्रमोशंस के बावजूद अंजनी की यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर असफल रही है, मगर दूसरी फिल्म अंजनी के करियर को उड़ान दे सकती है।

यह भी पढ़ें: Bhool Bhulaiyaa 3 VS Singham Again: पीछे नहीं हटे कार्तिक आर्यन, इस Diwali ‘सिंघम’ और ‘रूह बाबा’ की टक्कर तय

वरुण की बेबी जॉन में सलमान खान का कैमियो

दिलचस्प पहलू यह है कि वरुण की भतीजी सिकंदर में सलमान के साथ हैं तो खुद वरुण की मोस्ट अवेटेड फिल्म बेबी जॉन में सलमान कैमियो कर रहे हैं। बेबी जॉन का निर्देशन जवान डायरेक्टर एटली कर रहे हैं। खबर है कि सलमान इसी वीकंड फिल्म की शूटिंग शुरू करने वाले हैं।

वैसे, इस वीकेंड पर सलमान खान का शो बिग बॉस 18 भी शुरू हो रहा है, जिसका प्रीमियर 6 अक्टूबर को रात नौ बजे से किया जाएगा। सिकंदर अगले साल ईद के मौके पर रिलीज होने वाली है। वहीं, बेबी जॉन इसी साल क्रिसमस पर आने वाली है।

सलमान की आखिरी रिलीज फिल्म टाइगर 3 है, जो 2023 में आई थी।