Rajinikanth Health Update: अस्पताल में क्यों भर्ती हुए रजनीकांत और कब होंगे डिस्चार्ज? फैंस कर रहे दुआ

मुंबई। तमिल इंडस्ट्री के सुपरस्टार रजनीकांत को सोमवार देर रात चेन्नई के एक अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, दिग्गज अभिनेता को पेट दर्द की शिकायत हुई थी। मंगलवार को इलेक्टिव प्रोसीजर किया गया है। उन्हें 2-3 दिन अस्पताल में रहना पड़ सकता है। इस बीच रजनीकांत की पत्नी ने बताया कि सब ठीक है।

पेट के निचले हिस्से में स्टेंट

इंडस्ट्री ट्रैकर श्रीधर पिल्लई ने एक्टर की हेल्थ का ताजा अपडेट देते हुए एक्स पर लिखा- रजनीकांत का एक इलेक्टिव प्रोसीजर सफल रहा है, जिसके तहत पेट के निचले हिस्से में एक स्टेंट डाला गया है। यह प्रोसीजर एक कैथ लैब में तीन विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा पूरा किया गया।

यह भी पढ़ें: Govinda Bullet Injury: गोली लगने से जख्मी हुए गोविंदा, हालत स्थिर, मैनेजर ने बताया- कैसे हुआ हादसा?

फिलहाल उनकी हालत स्थिर है। मगर, निरीक्षण में रखा गया है। अगले 2-3 दिनों तक उन्हें हालत में सुधार के लिए अस्पताल में ही रखा जाएगा। उसके बाद ही डिस्चार्ज हो सकेंगे।

एक्स पर ही अन्य जर्नलिस्ट कार्थीगाईचेल्वन एस ने अपनी पोस्ट में जानकारी दी कि प्रोसीजर डॉ. साई सतीश, डॉ. विजय चंदर और डॉ. बालाजी ने किया है। उन्हें निरीक्षण रूम से वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया है।

तमिलनाडु के सीएम ने भेजीं शुभकामनाएं

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने रजनीकांत के जल्द सेहतमंद होने की कामना की। एक्स पर कई फैंस ने थलाइवा के जल्द ठीक होने की दुआ कर रहे हैं।

10 अक्टूबर को रिलीज होगी वेट्टाइयन

बता दें, रजनीकांत की अगली फिल्म वेट्टाइयन 10 अक्टूबर को रिलीज हो रही है। इस फिल्म में अमिताभ बच्चन भी एक अहम किरदार में नजर आएंगे। यह पैन-इंडिया फिल्म है। रजनीकांत और अमिताभ बच्चन आखिरी बार 1991 की फिल्म हम में साथ आये थे।