Mithun Chakraborty को मिलेगा सिनेमा का सबसे बड़ा सम्मान ‘दादासाहेब फाल्के अवॉर्ड’, पीएम मोदी ने दी बधाई

मुंबई। भारतीय सिनेमा के सबसे बड़े सम्मान दादा साहेब फाल्के पुरस्कार (Dadasaheb Phalke Award) की घोषणा कर दी गई है। 2022 के लिए यह सम्मान वेटरन एक्टर मिथुन चक्रवर्ती (Mithun Chakraborty) को प्रदान किया जाएगा। रेलवे, सूचना प्रसारण मंत्रालय और इलेक्ट्रॉनिक्स एंड टेलीकम्यूनिक्शन मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सोशल मीडिया के जरिए यह खुशखबरी साझा की।

8 अक्टूबर 2024 को आयोजित हो रहे 70वें नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स समारोह मिथुन को सम्मान से नवाजा जाएगा। दादासाहेब फाल्के अवॉर्ड पाने वाले मिथुन 54वीं फिल्म शख्सित हैं। इसी साल उन्हें पद्म भूषण से भी नवाजा जा चुका है। पीएम नरेंद्र मोदी ने मिथुन को दादासाहेब अवॉर्ड की घोषणा पर खुशी जाहिर की और बधाई दी।

यह भी पढ़ें: IIFA Awards 2024: ‘निस्वार्थ होता है मां का प्रेम’, Rani Mukerji ने मांओं को समर्पित किया अपना बेस्ट एक्ट्रेस अवॉर्ड

2021 के लिए दादासाहेब फाल्के अवॉर्ड दिग्गज अभिनेत्री वहीदा रहमान को दिया गया था, जबकि 2020 में यह सम्मान आशा पारेख को मिला था।

डेब्यू फिल्म के लिए मिला था नेशनल अवॉर्ड

45 साल से ज्यादा के करियर में मिथुन चक्रवर्ती ने 350 से ज्यादा फिल्में की हैं। हिंदी और बंगाली सिनेमा में कई बेहतरीन फिल्मों में उन्होंने अभिनय किया है। मिथुन के अभिनय करियर की शुरुआत 1976 में आई हिंदी फिल्म मृगया से हुई थी, जिसका निर्देशन मृणाल सेन ने किया था। पहली ही फिल्म के लिए नेशनल अवॉर्ड जीतने वाले मिथुन दुर्लभ अभिनेताओं में शामिल हैं।

मिथुन के करियर का पहला माइलस्टोन डिस्को डांसर फिल्म बनी, जो 1982 में रिलीज हुई थी। इस फिल्म ने ना सिर्फ भारत बल्कि विदेशों में भी जबरदस्त लोकप्रियता हासिल की और मिथुन को डांसिंग सुपरस्टार बना दिया था। फिल्म में बप्पी लहरी का संगीत आज भी यादगार है।

लिम्का बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज है नाम

मिथुन ने अपने 40 साल से ज्यादा के करियर में हर तरह की भूमिकाएं निभाई हैं। एक्शन, कॉमेडी, ड्रामा, आर्ट… तकरीबन हर तरह के जॉनर में मिथुन ने यादगार काम किया है। 1989 में 19 फिल्मों में लीड एक्टर होने का रिकॉर्ड उनके नाम दर्ज है।

2022 में रिलीज हुई फिल्म द कश्मीर फाइल्स मिथुन की आखिरी हिंदी फिल्म है। 2023 में वो बंगाली फिल्म काबुलीवाला में नजर आये थे। मिथुन ने कई डांस रिएलिटी शोज में जज की भूमिका निभाई है। वहीं, 2022 में बेस्टसेलर वेब सीरीज से उन्होंने ओटीटी डेब्यू किया था।

राजनीतिक सफर

मिथुन पहले टीएमसी से जुड़े रहे थे। 2014 से 2016 तक वो राज्य सभा के सदस्य भी रहे। 2021 में मिथुन ने भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया था और लोकसभा चुनाव में पार्टी के लिए जमकर प्रचार किया।