October Movies in Cinemas: ‘जोकर 2’ से शुरू, ‘Venom 3’ पर खत्म, अक्टूबर में हॉलीवुड के हवाले बॉक्स ऑफिस!

मुंबई। सितम्बर का महीना बॉलीवुड के लिए निराशाजनक रहा। इस महीने रिलीज हुई एक भी हिंदी फिल्म बॉक्स ऑफिस पर अपना असर नहीं छोड़ सकी। पूरा महीने थिएटर्स अगस्त में आई स्त्री 2 के सहारे ही गुलजार रहे। सितम्बर के आखिरी शुक्रवार को रिलीज हुई देवरा पार्ट-1 तेलुगु फिल्म है। इससे हिंदी में बहुत उम्मीदें नहीं लगाई जा सकतीं।

अक्टूबर त्योहारी महीना है। दुर्गा पूजा, दशहरा और उसके बाद दिवाली की आहट फिल्मों के कारोबार को उछाल दे सकता है। हालांकि, इस महीने ऐसी कोई फिल्म नहीं है, जिससे हिंदी बॉक्स ऑफिस पर बहुत बड़े कलेक्शन की उम्मीद की जाए। अगर, कोई फिल्म चल जाती है तो यह फिल्म कारोबारियों के लिए बोनस होगा।

दो बड़ी हॉलीवुड फ्रेंचाइजी फिल्में अक्टूबर में बॉक्स ऑफिस को सम्भाल सकती हैं। ये फिल्में हैं जोकर 2 और वेनम 3।

दिवाली के मौके पर कार्तिक आर्यन की भूल भुलैया 3 और अजय देवगन की सिंघम अगेन आ रही हैं, मगर यह फिल्में अक्टूबर गुजरने के बाद रिलीज होंगी। ऐसे में देखते हैं, अक्टूबर में कौन-सी फिल्में आ रही हैं।

2 अक्टूबर

अक्टूबर के पहले शुक्रवार (4 अक्टूबर) को कोई चर्चित हिंदी फिल्म तो रिलीज नहीं हो रही, मगर 2 अक्टूबर को हॉलीवुड फिल्म जोकर 2 आ रही है, जिसको लेकर काफी हाइप है। इस फिल्म में जोकिन फीनिक्स और लेडी गागा मुख्य भूमिकाओं में हैं।

यह भी पढ़ें: October Movies Web Series on OTT: फेस्टिव सीजन में हर हफ्ते फिल्मों की फुलझड़ियां और सीरीजों के धमाके

10 अक्टूबर

वेट्टाइयन

यह तमिल फिल्म है, जिसमें रजनीकांत, अमिताभ बच्चन और फहाद फासिल मुख्य भूमिकाओं में हैं। यह फिल्म हिंदी में भी रिलीज होगी। रजनीकांत और अमिताभ तीन दशक बाद किसी फिल्म में साथ आ रहे हैं। ऐसे में यह फिल्म तमिल सिनेमा के लिए गेम चेंजर साबित हो सकती है। हालांकि, हिंदी में फिलहाल कुछ कहना मुश्किल है।

11 अक्टूबर

जिगरा

आलिया भट्ट स्टारर इस एक्शन ड्रामा फिल्म की कहानी भाई-बहन पर आधारित है। आलिया इस फिल्म में एक्शन करती नजर आएंगी। यह मिड साइज फिल्म है और बॉक्स ऑफिस पर सरप्राइज दे सकती है।

विद्या विक्की का वो वाला वीडियो

स्त्री 2 की कामयाबी पर सवार राजकुमार राव के साथ इस फिल्म में तृप्ति डिमरी हैं। यह 90 के दौर में सेट रोमांटिक कॉमेडी ड्रामा है। ये दोनों कलाकार सिनेमाघरों में कितने दर्शक खींच पाते हैं, यह देखना दिलचस्प होगा।

बैडएस रवि कुमार

इस म्यूजिकल एक्शन फिल्म में हिमेश रेशमिया लीड रोल में हैं। यह उनकी फिल्म द एक्सपोज का स्पिन ऑफ है।

द वाइल्ड रोबोट

हॉलीवुड से आ रही यह एनिमेशन एडवेंचर कॉमेडी फिल्म है।

18 अक्टूबर

पाणी

यह मराठी फिल्म है, जिसमें महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में जल सकंट पर कमेंट किया गया है। इस फिल्म का निर्माण प्रियंका चोपड़ा ने किया है। आदिनाथ कोठारे लीड रोल में हैं।

मार्टिन

यह कन्नड़ फिल्म है, जो पैन इंडिया रिलीज होगी। इस एक्शन फिल्म में ध्रुव सरजा लीड रोल में हैं।

आयुष्मती गीता मैट्रिक पास

यह फैमिली ड्रामा फिल्म है, जिसमें कशिश कपूर और अनुज सैनी मुख्य भूमिकाओं में हैं। प्रदीप खैरवार निर्देशित फिल्म वाराणसी के आसपास दिखाई गई है, जहां महिलाओं की शिक्षा को ज्यादा तवज्जो नहीं दी जाती। समाज की परवाह ना करके पिता बेटी को पढ़ाना चाहता है, मगर जब वो हाई स्कूल में फेल हो जाती है तो पिता उसकी शादी कैंसिल कर देता है, जब तक वो मैट्रिक पास नहीं कर लेती।

25 अक्टूबर

वेनम- द लास्ट डांस

यह हॉलीवुड की सुपरहीरो फिल्म है, जिसमें टॉम हार्डी लीड रोल में हैं। वेनम फ्रेंचाइजी की यह आखिरी फिल्म है।

यह भी पढ़ें: पहली बार भारत आ रहे हैं हॉलीवुड एक्टर Joseph Gordon-Levitt, बोले- ‘भारतीय संगीत और संस्कृति का फैन हूं’