Stree 2 Box Office Collection: आज ‘स्त्री 2’ काटेगी 600 करोड़ क्लब का फीता, हिंदी सिनेमा में रचेगी इतिहास

मुंबई। हिंदी सिनेमा के बॉक्स ऑफिस पर कुछ ऐसा हो रहा है, जिसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की होगी। एक ऐसी फिल्म इतिहास रचने को तैयार है, जिसमें ना कोई स्टार फेस है और ना ही आसमान छूता बजट। स्त्री 2 आज (रविवार) रिलीज के 39 वें दिन 600 करोड़ क्लब का फीता काटेगी। दिलचस्प संयोग यह है कि स्त्री 2 यह कारनामा इंटरनेशनल डॉटर्स डे पर अंजाम देगी।

600 करोड़ से इंचभर दूर स्त्री 2

15 अगस्त को रिलीज हुई स्त्री 2 छठे हफ्ते में चल रही है। छठे शुक्रवार को फिल्म ने नेशनल सिनेमा डे के मौके पर 5.20 करोड़ का शानदार कलेक्शन किया था। इसके बाद शनिवार को फिल्म 3.80 करोड़ जुटाने में कामयाब रही, जिसके साथ इसका 38 दिनों का नेट कलेक्शन 598.90 करोड़ हो गया।

अब 600 करोड़ क्लब में दाखिले के लिए स्त्री 2 को सिर्फ 1.10 करोड़ चाहिए, जो आज शाम तक फिल्म को मिल जाएगा। इसके साथ ही यह हॉरर कॉमेडी फिल्म भारतीय सिनेमा के इतिहास में हमेशा के लिए दर्ज हो जाएगी।

यह भी पढ़ें: Stree 2 ने रचा इतिहास! Jawan का रिकॉर्ड तोड़ बनी सबसे बड़ी हिंदी फिल्म, 600 करोड़ से महज इतनी दूर


नो मेगा बजट नो मेगा स्टार

स्त्री 2 की यह अभूतपूर्व कामयाबी इसलिए भी काबिलेगौर है, क्योंकि यह एक मंझले बजट की फिल्म है, जो 50 करोड़ के आसपास बताया जाता है। अक्षय कुमार के कैमियो को छोड़ दें तो फिल्म में एक भी चेहरा ऐसा नहीं है, जिसे स्टार कहा जा सके। हालांकि, इन सभी के अभिनय कौशल पर कोई अंगुली नहीं उठा सकता।

अगर, बॉक्स ऑफिस का इतिहास उठाकर देखें तो अभी तक जिन फिल्मों ने ऐतिहासिक बिजनेस किया है, सभी में किसी सुपरस्टार ने लीड रोल निभाया है।

यह भी पढ़ें: Saif Ali Khan के बिजनेस पार्टनर थे Stree 2 के निर्माता Dinesh Vijan, 10 साल पहले अलग होकर बनाया अपना प्रोडक्शन हाउस

  • 100 करोड़ क्लब की नींव डालने वाले आमिर खान हैं, जिन्होंने 2008 में गजनी से यह कारनामा किया था।
  • 200 करोड़ क्लब का गेट भी आमिर खान ने ही खोला था, जिनकी 3 इडियट्स ने 2009 में जोरदार बिजनेस किया था।
  • 300 करोड़ क्लब में सबसे पहले आमिर खान ही पहुंचे, जिनकी 2014 में आई पीके ने यह कमाल किया था।
  • 400 औ 500 करोड़ का स्वाद चखाने वाले प्रभास हैं, जिनकी 2017 में आई बाहुबली 2 ने हिंदी भाषा में कमाई के रिकॉर्ड तोड़े थे।

मैडॉक फिल्म्स के हॉरर यूनिवर्स का हिस्सा स्त्री 2 का निर्देशन अमर कौशिक ने किया है। फिल्म की लीड स्टार कास्ट में श्रद्धा कपूर, राजकुमार राव, पंकज त्रिपाठी, अपारशक्ति खुराना और अभिषेक बनर्जी शामिल हैं। ये सभी इसके प्रीक्वल का भी हिस्सा रहे थे। दूसरे भाग में अक्षय कुमार ने कैमियो किया है, वहीं तमन्ना भाटिया पर फिल्माया गया आज की रात गाना बेहद लोकप्रिय हुआ।