TV Serial: एक बार फिर छोटे पर्दे पर आ रहे चक्रवर्ती सम्राट Prithviraj Chauhan, इस चैनल ने किया नये शो का एलान

मुंबई। भारतीय इतिहास में सम्राट पृथ्वीराज चौहान की महागाथा ऐसी है कि फिल्ममेकर्स अक्सर इस कहानी को पर्दे पर लेकर आते हैं। कभी पर्दा छोटा है तो कभी बड़ा। 2022 में अक्षय कुमार की फिल्म सम्राट पृथ्वीराज सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। अब सोनी टीवी ने चक्रवर्ती सम्राट पृथ्वीराज चौहान शीर्षक से नये शो का एलान किया है।

गुरुवार को चैनल ने एक टीजर वीडियो के साथ शो की जानकारी दी। इसके साथ लिखा- आ रहे हैं वो योद्धा, जिनका जन्म हुआ रचने अमर इतिहास। चक्रवर्ती सम्राट पृथ्वीराज चौहान जल्द सिर्फ सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन पर। शो की स्टार कास्ट का एलान अभी नहीं किया गया है।

टीवी पर पहले भी आ चुके हैं पृथ्वीराज चौहान

पृथ्वीराज चौहान पर 2006 में धरती का वीर योद्धा पृथ्वीराज चौहान नाम से पहला टीवी शो आया था, जो स्टार प्लस पर प्रसारित हुआ था। इस शो का निर्माण रामायण बनाने वाले सागर आर्ट्स ने किया था। यह चंद बरदाई के महाकाव्य पृथ्वीराज रासो पर आधारित था। शो में रजत टोकस ने यंग पृथ्वीराज का किरदार निभाया था, जबकि युवा पृथ्वीराज के किरदार में अनस राशिद थे।

धरती का वीर योद्धा पृथ्वीराज चौहान के 2009 तक 382 एपिसोड्स प्रसारित किये गये थे।

पृथ्वीराज चौहान पर फिल्में

2022 में आई फिल्म सम्राट पृथ्वीराज का निर्देशन डॉ. चंद्रप्रकाश द्विवेदी ने किया था। अक्षय कुमार शीर्षक रोल में थे, जबकि मानुषी छिल्लर ने राजकुमारी संयोगिता का किरदार निभाया था। इस ऐतिहासिक किरदार पर पहली फिल्म 1924 में आई थी। 1929 में पृथ्वीराज संयोगिता नाम से फिल्म आई थी। 1931 में पृथ्वीराज शीर्षक से फिल्म आई। 1933 में पृथ्वीराज संयोगिता शीर्षक से एक अन्य फिल्म रिलीज हुई थी। इसके बाद भी कुछ और फिल्में आईं। हालांकि, सबसे चर्चित अक्षय कुमार की फिल्म ही रही।