Love And War Release Date: आगे खिसकी रणबीर, आलिया और विक्की की ‘लव एंड वॉर’, करना होगा इतना इंतजार

मुंबई। संजय लीला भंसाली हिंदी सिनेमा के उन निर्देशकों में शामिल हैं, जिनकी फिल्मों का इंतजार दर्शकों को रहता है। कहानी कहने और दिखाने का रंगों से भरा सुरीला अंदाज उनकी फिल्मों को लग रूप देता है। अब भंसाली की जिस फिल्म का इंतजार है, वो है लव एंड वार। हालांकि, रिलीज डेट खिसकने से यह इंतजार और लम्बा हो गया है।

2026 में रिलीज होगी लव एंड वॉर

भंसाली प्रोडक्शंस ने इस साल जनवरी में लव एंड वार की घोषणा की थी। रणबीर कपूर, आलिया भट्ट और विक्की कौशल अभिनीत फिल्म पहले क्रिसमस 2025 को रिलीज होने वाली थी, मगर इसे कुछ महीने आगे खिसका दी गई है। नई जानकारी के मुताबिक लव एंड वॉर 20 मार्च 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

यह तारीख मेकर्स ने काफी सोच समझकर चुनी है। फेस्टिव सीजन की वजह से इस दौरान लम्बी छुट्टियां होंगी। रमजान, राम नवमी और गुड़ी पड़वा त्योहार इस दौरान होंगे।

यह भी पढे़ं: Animal के बाद बदल गये Triptii Dimri के सितारे, अब विशाल भारद्वाज की एक्शन फिल्म में बनीं Shahid Kapoor की हीरोइन

रणबीर-आलिया-विक्की का रीयूनियन

लव एंड वॉर के जरिए तीनों मुख्य कलाकारों का रीयूनियन होगा। रणबीर और विक्की संजू में साथ आ चुके हैं, जिसने बॉक्स ऑफिस पर 300 करोड़ से ज्यादा कमाये थे। रणबीर और आलिया ने ब्रह्मास्त्र में साथ काम किया है। वहीं, विक्की और आलिया राजी में एक साथ काम कर चुके हैं।

भंसाली के साथ पहली बार काम करेंगे विक्की

वहीं, रणबीर और आलिया के साथ भंसाली की दूसरी फिल्म होगी। रणबीर को उन्होंने 2007 की फिल्म सांवरिया से लॉन्च किया था, जिसमें सोनम कपूर फीमेल लीड थीं। आलिया के साथ भंसाली गंगूबाई काठियावाड़ी लेकर आये, जो 2022 में रिलीज हुई थी। विक्की पहली बार संजय की फिल्म में काम करेंगे।

यह भी पढ़ें: Friday Releases: करीना की ‘The Buckingham Murders’ समेत इस शुक्रवार रिलीज हो रहीं ये नई-पुरानी फिल्में

संजय लीला भंसाली ने 1996 में खामोशी- द म्यूजिकल के साथ निर्देशन की पारी शुरू की थी और 28 साल के निर्देशकीय करियर में लव एंड वॉर उनकी 11वीं फिल्म होगी। इस साल भंसाली ने हीरामंडी वेब सीरीज के जरिए ओटीटी की दुनिया में कदम रखा।