Friday Releases: करीना की ‘The Buckingham Murders’ समेत इस शुक्रवार रिलीज हो रहीं ये नई-पुरानी फिल्में

मुंबई। सिनेमा के शौकीनों के लिए यह शुक्रवार मजेदार होने जा रहा है। थिएटर्स में उनके सामने काफी च्वाइस है और नई-पुरानी फिल्में देखने का मौका है। करीना कपूर खान की फिल्म द बकिंघम मर्डर्स के साथ तीन पुरानी फिल्में भी सिनेमाघरों में उतर रही हैं। आइए, आपको इन फिल्मों के बारे में बताते हैं, ताकि वीकेंड पर क्या देखना है, यह तय करने में आपको दिक्कत ना हो।

द बकिंघम मर्डर्स

सबसे पहले द बकिंघम मर्डर्स की बात करते हैं। यह क्राइम थ्रिलर फिल्म है, जिसे हंसल मेहता ने निर्देशित किया है। इस फिल्म में करीना कपूर खान लीड रोल में हैं, साथ ही बेबो की यह पहली फिल्म है, जिसकी वो सह-निर्माता भी हैं। एकता कपूर निर्माता हैं। कहानी बकिंघमशायर में दिखाई गई है, जहां करीना का किरदार एक डिटेक्टिव है। उसे 10 साल की बच्ची के कत्ल का केस सौंपा जाता है। द बकिंघम मर्डर्स भारत में हिंदी के अलावा अंग्रेजी-हिंदी यानी हिंग्लिश में भी रिलीज होगी।

यह भी पढ़ें: Movies in September: ‘युध्रा’ से Devara तक, इस महीने लगा है फिल्मों का मेला, कौन-सी मूवी कहां देखें?

तुम्बाड

हॉरर थ्रिलर फिल्म तुम्बाड इस हफ्ते की सबसे दिलचस्प रिलीज है, जो छह साल बाद एक बार फिर सिनेमाघरों में लौट रही है। इस फिल्म में सोहम शाह ने लीड रोल निभाया है। यह हिंदी सिनेमा की अंडररेटेड हॉरर फिल्म मानी जाती है। वक्त के साथ इस फिल्म को कल्ट का दर्जा मिल चुका है। रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्म को अच्छी एडवांस बुकिंग मिली है। यह पीरियड फिल्म है, जिसकी कहानी 20वीं सदी में दिखाई गई है और महाराष्ट्र के एक गांव तुम्बाड में सेट है। राही अनिल बर्वे ने इसका निर्देशन किया है।

वीर जारा

यश चोपड़ा निर्देशित वीर जारा भी इस हफ्ते सिनेमाघरों में 20 साल बाद फिर रिलीज हो रही है। शाह रुख खान, प्रीति जिंटा और रानी मुखर्जी स्टारर यह रोमांटिक ड्रामा फिल्म है, जिसमें सरहद पार के प्यार की कहानी दिखाई गई है। वीर जारा अपने संगीत के लिए जानी जाती है, जो काफी लोकप्रिय हुआ था और आज भी इसके गाने कानों में रस घोल जाते हैं।

तुझे मेरी कसम

जिओ सिनेमा पर विस्फोट में लीड रोल निभाने वाले रितेश देशमुख की डेब्यू फिल्म तुझे मेरी कसम शुक्रवार को 21 साल बाद सिनेमाघरों में लौट रही है। इस फिल्म में जिनिलिया डिसूजा फीमेल लीड हैं, जो बाद में उनकी पत्नी बनीं। के विजय भास्कर ने इस फिल्म का निर्देशन किया था।

यह भी पढ़ें: Raid 2 Release Date: तारीख नोट कर लीजिए, इस दिन सिनेमाघरों में Ajay Devgn डालेंगे ‘रेड’

स्त्री 2

इन फिल्मों के अलावा स्त्री 2 पहले से सिनेमाघरों में मजबूती के साथ चल रही है। 500 करोड़ क्लब में शामिल हो चुकी हॉरर कॉमेडी फिल्म पर मेकर्स 13 सितम्बर को एक टिकट पर एक फ्री का ऑफर भी दे रहे हैं। अमर कौशिक निर्देशित फिल्म में श्रद्धा कपूर और राजकुमार राव ने मुख्य भूमिकाएं निभाई हैं।