Jawan In Japan: जापान जीतने चला ‘जवान’, Shah Rukh Khan ने बताया- कब हो रही रिलीज?

मुंबई। वर्ल्डवाइड रिलीज के एक साल बाद शाह रुख खान की फिल्म जवान अब जापानी बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचाने की तैयारी कर रही है। किंग खान ने गुरुवार को फिल्म के जापान में रिलीज होने की तारीख की जानकारी दी।

2024 में 7 सितम्बर को रिलीज हुई एटली निर्देशित फिल्म जवान ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त कारोबार किया था। 634 करोड़ से ज्यादा बिजनेस करने वाली जवान हिंदी सिनेमा की सबसे बड़ी फिल्म बन चुकी है। इस एक्शन थ्रिलर में शाह रुख के साथ नयनतारा और विजय सेतुपति ने मुख्य किरदार निभाये थे, जबकि दीपिका पादुकोण ने स्पेशल एपीयरेंस किया था।

शाह रुख ने जापानी भाषा का पोस्टर शेयर करते हुए लिखा- एक कहानी जस्टिस की। बदले की। विलेन और हीरो की। एक कहानी जवान की। आ रही है जापान के थिएटर्स में पहली बार। तो अब रह गया बस एक सवाल- रेडी आह? जवान 29 नवम्बर को जापानी बॉक्स ऑफिस पर रिलीज होगी।

यह भी पढ़ें: Stree 2 Vs Jawan: क्या ‘जवान’ का रिकॉर्ड तोड़ Number 1 फिल्म बन पाएगी स्त्री 2? पढ़िए- कितनी है सम्भावना?

वर्ल्डवाइड 1100 करोड़ की कमाई

हिंदी के साथ तमिल और तेलुगु में रिलीज हुई जवान ने सभी भाषाओं में 643.87 करोड़ का लाइफ टाइम कलेक्शन किया था। घरेलू बॉक्स ऑफिस पर फिल्म को 75 करोड़ की शानदार ओपनिंग मिली थी। ओपनिंग वीकेंड में ही फिल्म ने 286 करोड़ से अधिक जुटा लिये थे।

पहले हफ्ते में 300 करोड़ और दूसरे हफ्ते में 500 करोड़ का पड़ा पार कर लिया था। चार हफ्तों बाद फिल्म 600 करोड़ क्लब में शामिल हो गई थी। भारत में फिल्म ने 761.98 करोड़ ग्रॉस कलेक्शन किया था, जबकि ओवरसीज का ग्रॉस कलेक्शन 386.34 करोड़ रहा। फिल्म ने 1148.32 करोड़ वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन किया था।

जापान में भारतीय फिल्में

जापान में भारतीय फिल्मों का खासा क्रेज है। इससे पहले एसएस राजामौली की फिल्म आरआरआर भी जापान में रिलीज हो चुकी है और अच्छा बिजनेस किया था। बाहुबली 2- द कन्क्लूजन ने भी जापानी बॉक्स ऑफिस पर अपना दम दिखाया था। आमिर खान की 3 ईडियट्स जापान में सफल रही थी। राम चरण की मगधीरा जापान में रिलीज हुई थी। श्रीदेवी की इंग्लिश विंग्लिश ने भी जापान में अच्छा कारोबार किया था।