Raid 2 Release Date: तारीख नोट कर लीजिए, इस दिन सिनेमाघरों में Ajay Devgn डालेंगे ‘रेड’

मुंबई। अजय देवगन एक बार फिर रेड डालने के लिए तैयार हैं। उनकी फिल्म रेड 2 की रिलीज डेट पक्की हो गई है। 2018 में आई रेड की सीक्वल में अजय इनकम टैक्स अधिकारी अमेय पटनायक के किरदार में नजर आये थे, जो हाईप्रोफाइल रेड करता है।

कब रिलीज होगी रेड 2?

रेड 2 का निर्देशन राजकुमार गुप्ता ने किया है। फिल्म 21 फरवरी 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इस बार अजय देवगन के साथ वाणी कपूर फीमेल लीड में हैं, जबकि रितेश देशमुख विलेन के रोल में दिखेंगे। रजत कपूर भी एक अहम किरदार में नजर आएंगे। फिल्म की शूटिंग दिल्ली और लखनऊ में की गई है।

यह भी पढ़ें: Movies in September: ‘युध्रा’ से Devara तक, इस महीने लगा है फिल्मों का मेला, कौन-सी मूवी कहां देखें?

सच्ची घटना से प्रेरित थी रेड

राजकुमार गुप्ता निर्देशित रेड पीरियड फिल्म थी, जिसमें 1981 में एक बाहुबली नेता के घर हुई इनकम टैक्स की रेड की कहानी दिखाई गई थी। यह इनटैक्स विभाग के इतिहास की सबसे लम्बी रेड बताई जाती है। उस जमाने में इस रेड में 1.6 करोड़ रुपये बरामद हुए थे। 18 घंटे चली रेड में 45 लोग नोट गिनने के लिए लगाये गये थे।

फिल्म में अजय के अलावा सौरभ शुक्ला, इलियाना डिक्रूज, अमित सियाल, शीबा चड्ढा, सानंद वर्मा अहम किरदारों में नजर आये थे। रेड बॉक्स ऑफिस पर सफल रही थी। रितेश शाह ने लेखन किया था, जबकि भूषण कुमार, कुमार मंगत पाठक और अभिषेक पाठक निर्माता थे।

इसका तेलुगु रीमेक हाल ही में मिस्टर बच्चन के नाम से रिलीज हुआ था, जिसमें रवि तेजा ने लीड रोल निभाया था।

इस साल आएगी सिंघम अगेन

फिलहाल, अजय देवगन अपनी अगली फिल्म सिंघम अगेन की रिलीज का इंतजार कर रहे हैं, जो इस दिवाली पर आने वाली है। रोहित शेट्टी निर्देशित सिंघम अगेन इस साल की बहुप्रतीक्षित फिल्म है, जिसमें अजय बाजीराव सिंघम के किरदार में लौटेंगे। फिल्म में दीपिका पादुकोण, रणवीर सिंह, टाइगर श्रॉफ, अक्षय कुमार, करीना कपूर खान भी अलग-अलग किरदारों में नजर आएंगे।